Skip to content
Quick exitFirst NationsTranslationsGet helpSearch

आपके अधिकारों के बारे में

ऑस्ट्रेलिया खुद को एक निष्पक्ष देश के रूप में देखना पसंद करता है।दुर्भाग्य से लोगों के साथ कभी-कभी इस आधार पर भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जाता है कि वे कैसे दिखते हैं, वे कहाँ से आए हैं या उनकी मान्यताएँ क्या हैं। विक्टोरिया में लोगों को भेदभावपूर्ण व्यवहार से बचाने के लिए कानून मौजूद हैं और विक्टोरियाई समानावसर और मानवाधिकार आयोग (Victorian Equal Opportunity and Human Rights Commission) ऐसे लोगों की मदद करता है जिनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया है।अपने अधिकारों के बारे में, और हम आपकी सहायता कैसे कर सकते हैं, इसके बारे में जानकारी प्राप्त करें।

An Asian/Indian happy retired couple enjoys a leisure outing in outdoor at a resort.
आयोग के बारे मेंआपके अधिकारों के बारे मेंहम आपकी मदद कैसे कर सकते हैंहमसे संपर्क करें

भेदभाव क्या होता है?

भेदभाव के बारे में कानून विक्टोरिया का समानावसर अधिनियम (Equal Opportunity Act) 2010 है।

जब किसी व्यक्तिगत विशेषता के कारण आपके साथ गलत या अलग तरीके से व्यवहार किया जाता है, तो इसे भेदभाव कहते हैं – उदाहरण के लिए आपकी आयु, लिंग, नस्ल या विकलाँगता।

कानून के तहत अनुचित व्यवहार को “प्रतिकूल” कहा जाता है।

विक्टोरिया में निम्नलिखित कारणों से आपके साथ प्रतिकूल व्यवहार करना कानून के विरुद्ध है:

जब भेदभाव कानून के विरुद्ध होता है

जब सार्वजनिक जीवन में भेदभाव किया जाता है, तो यह कानून के विरुद्ध होता है। निजी व्यवहार पर कानून लागू नहीं होता है, उदाहरण के लिए, जब घर में कुछ किया जाता है।

सार्वजनिक जीवन में शामिल हैं:

  • कार्यस्थल पर
  • दुकानों या रेस्तरांओं पर
  • किसी सेवा का उपयोग करते समय, उदाहरण के लिए, बैंकिंग या बीमा
  • स्कूल, टेफ या विश्वविद्यालय में
  • अपने किराए के घर या आवास में
  • होटल या शिविर स्थल में
  • अस्पताल या स्वास्थ्य देखभाल में, उदाहरण के लिए, आपका स्थानीय चिकित्सक
  • खेलों में
  • क्लबों में
  • पुलिस, अदालतों या सरकारी विभागों के साथ व्यवहार करते समय
  • जनपरिवहन, टैक्सी या साझा सवारी का उपयोग करते समय।

यदि आपको भेदभाव का अनुभव होता है, तो आप क्या कर सकते/सकती हैं

पता लगाएँ कि आपको भेदभाव का अनुभव होने पर हम आपकी मदद कैसे कर सकते हैं

यौन उत्पीड़न क्या होता है?

भेदभाव के बारे में कानून विक्टोरिया का समानावसर अधिनियम (Equal Opportunity Act) 2010 है।

यौन उत्पीड़न से तात्पर्य अवाँछित यौन व्यवहार से है।

इसमें निम्नलिखित व्यवहार शामिल हो सकते हैं:

  • स्पर्श करना या एकटक देखना
  • सेक्स या डेट्स के लिए पूछना
  • यौन टिप्पणियाँ या व्यवहार
  • अपमानजनक यौन व्यंग्य
  • ईमेल, टेक्स्ट या सोशल मीडिया पोस्ट
  • वीडियो या चित्र।

यौन उत्पीड़न तब होता है जब किसी व्यक्ति के व्यवहार के कारण कोई अन्य व्यक्ति अपमानित, लज्जित या भयभीत महसूस करता है, और व्यवहार करने वाले व्यक्ति को यह पता रहता है कि उसके व्यवहार के कारण ऐसी भावनाएँ उत्पन्न हो सकती हैं।

उदाहरण के लिए: सारा एक सामुदायिक संगठन के लिए स्वयंसेविका के रूप में कार्य करती है। उसे इस काम में मजा आता है, लेकिन जिस तरह से प्रबंधक महिला स्वयंसेवकों को हमेशा उनकी पारियों के अंत में गले लगाता है, उसे पसंद नहीं है। उसने प्रबंधक को ऐसा नहीं करने के लिए कहा है, लेकिन वह अभी भी ऐसा करता है। सारा यौन उत्पीड़न की शिकायत कर सकती थी क्योंकि स्वयंसेवक कानून द्वारा संरक्षित होते हैं।

यौन उत्पीड़न कानून के विरुद्ध कब होता है

यौन उत्पीड़न सार्वजनिक जीवन के कुछ क्षेत्रों में कानून के विरुद्ध है, जिसमें शामिल हैं:

  • कार्यस्थल पर, भले ही आप स्वयंसेवक या अवैतनिक प्रशिक्षु हों
  • विद्यालय में
  • सेवाएँ प्राप्त करते समय या इनका उपयोग करते समय
  • घर या अन्य आवास किराए पर लेते समय
  • दुकानों में।

कुछ प्रकार के यौन उत्पीड़न आपराधिक कानून के तहत अपराध भी हो सकते हैं, जैसे :

  • अभद्र प्रदर्शन
  • पीछा करना और यौन आक्रमण
  • सोशल मीडिया पर फोन, पत्र, ईमेल, टेक्स्ट मैसेज और पोस्ट जैसे अश्लील या धमकाने वाले संचार।

यदि आपको यौन उत्पीड़न का अनुभव होता है, तो आप क्या कर सकते/सकती हैं

पता लगाएँ कि अगर आपको यौन उत्पीड़न का अनुभव होता है, तो हम आपकी मदद कैसे कर सकते हैं

यदि व्यवहार गंभीर प्रकृति का है और आपको अपने लिए खतरा महसूस होता है, तो आप पुलिस से 000 पर संपर्क कर सकते/सकती हैं।

1800 Respect समर्थन और परामर्श भी दे सकता है। 1800 737 732 पर फोन करें या 13 14 50 पर कॉल करके दुभाषिए से बात करें।

नस्लीय और धार्मिक कलंकारोपण क्या होता है?

नस्लीय और धार्मिक कलंकारोपण के बारे में विक्टोरिया का कानून नस्लीय और धार्मिक सहिष्णुता अधिनियम (Racial and Religious Tolerance Act) 2001 है।

नस्लीय और धार्मिक कलंकारोपण ऐसा व्यवहार होता है जो किसी व्यक्ति या लोगों के समूह के प्रति उनकी नस्ल या धर्म के कारण घृणा को प्रोत्साहित करता है।

नस्लीय या धार्मिक कलंकारोपण प्रदर्शित करने वाले व्यवहार

कलंकारोपण प्रदर्शित करने वाले व्यवहारों में शामिल हो सकते हैं:

  • किसी व्यक्ति की नस्ल या धर्म के बारे में इस तरह से बोलना, जिसके कारण दूसरे लोग उससे घृणा कर सकते हैं या उसका उपहास कर सकते हैं
  • किसी प्रमाण के बिना किसी विशेष नस्ल या धार्मिक समूह के गंभीर अपराधों में शामिल होने के दावे प्रकाशित करना
  • किसी अन्य व्यक्ति की नस्ल या धर्म के बारे में गंभीर रूप से कथित या शारीरिक शोषण करना और दोहराना
  • किसी विशेष नस्ल या धर्म के लोगों के विरुद्ध हिंसा प्रोत्साहित करना, या उनकी संपत्ति को नुकसान पहुँचाना
  • पत्रक, स्टिकर, पोस्टर, वीडियो, भाषण या प्रकाशन, या वेबसाइटों, ईमेल या सोशल मीडिया का उपयोग करके किसी नस्ल या धार्मिक समूह से घृणा करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना।

दूसरों पर कलंकारोपण करने के लिए अनुमति देना या किसी की मदद करना भी कानून के विरुद्ध है।

उदाहरण के लिए: माइकल मुसलमान है और शिकायत करता है कि एक सोशल नेटवर्किंग साइट आपत्तिजनक सामग्री प्रकाशित करती है जो दूसरे लोगों को मुसलमान लोगों से घृणा करने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह नस्लीय या धार्मिक कलंकारोपण हो सकता है।

ऐसा व्यवहार जो नस्लीय या धार्मिक कलंकारोपण नहीं है

कुछ प्रकार के व्यवहार कलंकारोपण नहीं हो सकते हैं, उदाहरण के लिए:

  • इस प्रकार से किसी धर्म की आलोचना करना अथवा नस्लीय या धार्मिक विचारों पर बहस करना, जो दूसरों को नस्लीय या धार्मिक समूहों से घृणा करने के लिए प्रोत्साहित न करे
  • नस्लवादी कृत्यों के बारे में मीडिया रिपोर्ट
  • ऐसे कार्य जिनसे किसी विशेष जाति या धर्म के लोग रुष्ट हो सकते हैं, लेकिन वे दूसरों को घृणा, अपमान या दुर्व्यवहार के लिए प्रोत्साहित नहीं करते हैं।

ऐसा हो सकता है कि व्यवहार का कोई प्रकरण कलंकारोपण न हो, लेकिन यदि यह समानावसर अधिनियम (Equal Opportunity Act) के तहत आने वाले सार्वजनिक जीवन के क्षेत्रों में घटित हुआ हो, तो यह भेदभाव हो सकता है।

उदाहरण के लिए: रंजीत ने शिकायत की कि एक स्थानीय बस चालक ने उससे पूछा कि वह कहाँ से है, फिर चालक ने उसे बस में पीछे बैठने के लिए कहा और जब वह पीछे जा रहा था तो चालक ने जोर-जोर से सूँघने की आवाज की। यह नस्लीय या धार्मिक कलंकारोपण तो नहीं है, लेकिन रंजीत संभावित रूप से नस्लीय भेदभाव किए जाने की शिकायत कर सकता है।

नस्लीय या धार्मिक कलंकारोपण का अनुभव होने पर आप क्या कर सकते/सकती हैं

पता लगाएँ कि यदि आपको नस्लीय या धार्मिक कलंकारोपण का अनुभव होता है, तो हम आपकी मदद कैसे कर सकते हैं

यदि व्यवहार गंभीर प्रकृति का है और आपको अपने लिए खतरा महसूस होता है, तो आप पुलिस से 000 पर संपर्क कर सकते/सकती हैं।

प्रताड़ना क्या होती है?

प्रताड़ना कानून के विरुद्ध होती है। इसका अर्थ है कि किसी के साथ इसलिए बुरा व्यवहार किया जाता है, क्योंकि:

  • उन्होंने शिकायत की या किसी को ऐसा लगता है कि वे शिकायत कर सकते हैं
  • उन्होंने किसी और को शिकायत करने के लिए सहायता दी
  • कोई व्यक्ति समानावसर अधिनियम (Equal Opportunity Act) या नस्लीय और धार्मिक सहिष्णुता अधिनियम (Racial and Religious Tolerance Act) के तहत अपने अधिकारों के लिए खड़ा हुआ
  • कोई व्यक्ति ऐसा काम नहीं करेगा जो भेदभाव, यौन उत्पीड़न या नस्लीय और धार्मिक कलंकारोपण से जुड़ा हो।

उदाहरण के लिए: माइकला का बॉस उसे चेतावनी देता है क्योंकि वह एक सहकर्मी द्वारा नस्लीय भेदभाव की शिकायत किए जाने की गवाह थी।

पता लगाएँ कि यदि आपको प्रताड़ना का अनुभव होता है, तो हम आपकी कैसे मदद कर सकते हैं

मेरे मानवाधिकारों का संरक्षण कैसे किया जाता है?

मानवाधिकार और उत्तरदायित्व घोषणा-पत्र (Charter of Human Rights and Responsibilities) एक विक्टोरियाई कानून है, जो विक्टोरिया में सभी लोगों के आधारभूत अधिकारों, स्वतंत्रताओं और दायित्वों का निर्धारण करता है। यह सरकार और जिन लोगों की सरकार सेवा करती है, उनके बीच के संबंधों के बारे में है।

घोषणा-पत्र के तहत आपके पास अपनी संस्कृति का आनंद उठाने, अपने धर्म का पालन करने और अपनी भाषा का उपयोग करने का अधिकार है। यह अधिकार सभी प्रकार की साँस्कृतिक, धार्मिक, नस्लीय या भाषाई पृष्ठभूमियों के लिए लागू होता है।

हम आपको घोषणा-पत्र के बारे में और अधिक जानकारी दे सकते हैं, लेकिन हम इससे संबंधित शिकायतों के साथ व्यवहार नहीं करते हैं।

यदि आपको लगता है कि किसी सरकारी विभाग या स्थानीय परिषद जैसे जनप्राधिकरण द्वारा आपके मानवाधिकारों का उल्लंघन किया गया है – तो आपको विक्टोरियाई लोकपाल (Victorian Ombudsman) से (03) 9613 6222 पर या 1800 806 314 (केवल क्षेत्रीय विक्टोरिया) पर संपर्क करना चाहिए।

यदि आप पुलिस के व्यवहार के बारे में कोई शिकायत करना चाहते/चाहती हैं, तो स्वतंत्र व्यापक-आधारित भ्रष्टाचार विरोध आयोग (Independent Broad-based Anti-corruption Commission) से 1300 735 135 पर संपर्क करें।

Was this page helpful?
Please select Yes or No and the second form section will appear below:

Address
Level 3, 204 Lygon Street Carlton Victoria 3053

General enquiries
enquiries@veohrc.vic.gov.au

Reception
1300 891 848

Enquiry line
1300 292 153 or (03) 9032 3583

Interpreters
1300 152 494

NRS Voice Relay
1300 555 727 then use 1300 292 153

Media enquiries
0447 526 642

The Victorian Equal Opportunity and Human Rights Commission acknowledges that we work on the traditional lands of the Wurundjeri people of the Kulin Nation. We also work remotely and serve communities on the lands of other Traditional Custodians.

We pay our respects to their Elders past and present.